Haryana Weather Update: जनवरी के महीने में लोगों को कोहरे और तेज ठंड की उम्मीद होती है। लेकिन इस बार मौसम का मूड अलग ही है। अलसुबह कोहरे की चादर दिखाई देती है। लेकिन सूरज निकलते ही मौसम बदल जाता है। मौसम विभाग की मानें तो आज कई जिलों में कोहरे की मार रहने वाली है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। 22 से 24 जनवरी के बीच इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इस दौरान हरियाणा के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान हवा 30 से 40km प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हवाओं की वजह से फिर से ठंडक बढ़ने के आसार है। 4 जिलों के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
आज हरियाणा में अधिकतम तापमान कल से करीब 2 डिग्री नीचे आया फिर भी यह सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री ज्यादा रहा। भिवानी (AWS) में सबसे ज्यादा 25°C दर्ज हुआ। चंडीगढ़ में तो पारा 25.1°C तक पहुंच गया जो सामान्य से करीब 7 डिग्री ज्यादा है। अंबाला, हिसार, करनाल, रोहतक और नारनौल में तापमान 22°C के आसपास रहा। गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ (AWS) में 24°C से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। सिरसा में हल्का गिरावट आई, लेकिन वहां भी तापमान बहुत नीचे नहीं गया।