Haryana Weather: हरियाणा में मानसून सक्रिय हो चुका है और आगामी कुछ घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए तीन घंटे के भीतर तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मंगलवार को हिसार और फतेहाबाद में बारिश दर्ज की गई थी। लगातार हो रही वर्षा के कारण अब तक हरियाणा में औसत से 32% अधिक बारिश हो चुकी है। इसके चलते तापमान में भी गिरावट देखी गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, हिसार के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त मानसूनी हवाएं हरियाणा की ओर बढ़ रही हैं। साथ ही, राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं उत्तर भारत की ओर आ रही हैं। इन दोनों ही कारणों से आने वाले दिनों में हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।