Rewari: हरियाणा सरकार द्वारा मेरी फसल–मेरा ब्योरा पोर्टल पर रबी फसलों के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बिक्री तथा फसल बीमा के लिए किसानों का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। केवल पंजीकृत किसानों से ही सरकार द्वारा फसल खरीदी जाएगी।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि किसानों द्वारा पोर्टल पर दर्ज की गई फसल का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सभी किसानों का डाटा उपलब्ध होने से उन्हें मंडी में बुलाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है। किसानों को मोबाइल संदेश के माध्यम से मंडी में आने की तिथि और समय की जानकारी दी जाती है।
डीसी ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत रबी फसलों का बीमा कराने की अपील की। वर्ष 2025-26 के लिए रबी फसलों के बीमा की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने रबी फसलों की बुवाई कर ली है, वे जल्द से जल्द पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण कराएं। पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र (PPP) अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। फसल पंजीकरण https://fasal.haryana.gov.in पोर्टल पर किया जा सकता है।